
नगर निगम कटनी
सत्य संवाद डिजिटल
दीपावली पर अग्नि दुर्घटनाओं को लेकर निगम प्रशासन अलर्ट: फायर वाहनों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर की पेट्रोलिंग
कटनी (सत्य संवाद)। दीपावली पर्व के दौरान शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, अस्थायी पटाखा दुकानों और आतिशबाजी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के उद्देश्य से शहर के संवेदनशील मार्गों पर विशेष पेट्रोलिंग शुरू कर दी है।
सोमवार शाम 6 बजे सिविल लाइन स्थित फायर कार्यालय से निकली फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक और व्यस्त इलाकों—लक्ष्मीबाई चौराहा, मोहन टॉकीज, स्टेशन रोड, बरही रोड, खिरहनी फाटक ओवरब्रिज, गर्ग चौराहा, घंटाघर तथा जगन्नाथ चौक—का मुआयना किया। इस दौरान आपातकालीन स्थिति में फायर वाहनों की सुगम आवाजाही और रास्ते की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया।
बाधारहित आवागमन और अतिक्रमण पर पैनी नजर
सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि इस पेट्रोलिंग का प्राथमिक उद्देश्य दीपावली के समय किसी भी आकस्मिक आगजनी की घटना पर फायर ब्रिगेड वाहनों को बिना किसी बाधा के त्वरित मौके पर पहुँचाना है। इसके साथ ही, बाजारों में अस्थायी दुकानों और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण होने वाले अतिक्रमण व यातायात व्यवस्था पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
निगम प्रशासन के अनुसार, त्यौहार के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह पेट्रोलिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे सहित अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा।
