
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत तिलक कॉलेज में जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
कटनी। नशा मुक्त भारत अभियान और उमंग कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) तथा रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के अंतर्गत जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेयी की अध्यक्षता में तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ. चांदनी रिमझा, रासेयो जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग के मार्गदर्शन व निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. चांदनी रिमझा ने विद्यार्थियों को तंबाकू और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए मुख व दंत स्वास्थ्य को लेकर जागरूक किया। शिविर में विद्यार्थियों के मुख और दांतों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू से होने वाली बीमारियों और इसके नुकसान के प्रति सचेत करना तथा उन्हें स्वस्थ और तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर डॉ. चांदनी रिमझा, डॉ. माधुरी गर्ग, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह और डॉ. राजकुमार के साथ रासेयो स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
