बरही पुलिस की वाहन चेकिंग: 22 चालान काटे, 8 हजार रुपये समन शुल्क वसूला

​कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बरही पुलिस ने बुधवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 22 चालान बनाए गए और मौके पर 8 हजार रुपये समन शुल्क वसूला गया।

​यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में बरही थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे के नेतृत्व में संचालित किया गया।

​चेकिंग के दौरान एक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

​बरही पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सुरक्षित सफर करें। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र वाहन चेकिंग का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।