​

लोहरवारा में अवैध शराब पर ग्रामीणों का गुस्सा फूटा: बोलेरो रोककर सड़क पर फेंकी शराब की पेटियां, पुलिस और राजनीतिक संरक्षण पर उठे सवाल

​

कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम लोहरवारा में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों का सब्र टूट गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शराब ले जा रही एक बोलेरो कार को रोक लिया और उसमें से शराब की पेटियां निकालकर बीच सड़क पर फेंक दीं। इस घटना के बाद से विलायतकला–स्लीमनाबाद मार्ग पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और अवैध पैकारी को लेकर किए जाने वाले दावों की पोल खोलकर रख दी है।

​घेराबंदी कर रोकी बोलेरो, सड़क पर बिखरी शराब की पेटियां

​जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहरवारा और आसपास के इलाकों में अवैध शराब के कारोबार को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से आक्रोश पनप रहा था। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने शराब का परिवहन कर रही एक बोलेरो गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने वाहन से शराब की पेटियां बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दीं। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से मौके पर हड़कंप मच गया और विलायतकला–स्लीमनाबाद मार्ग पर तनाव का माहौल बन गया।

​पुलिस के दावों पर गंभीर सवाल

​यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पुलिस प्रशासन अक्सर यह दावा करता है कि क्षेत्र में अवैध शराब या पैकारी का धंधा कहीं नहीं चल रहा है। लेकिन ग्रामीणों द्वारा खुलेआम परिवहन कर रही बोलेरो को रोककर शराब की पेटियां सड़क पर फेंकने की घटना ने पुलिस की निगरानी और मुखबिर तंत्र पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

​स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब की पैकारी बंद है, तो फिर बोलेरो भरकर शराब कहां से आ रही थी और किसके भरोसे सप्लाई की जा रही थी? ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा तेज है कि क्या अवैध कारोबार को लेकर पुलिस की भूमिका केवल कागजी दावों और औपचारिकताओं तक ही सीमित है, या फिर स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है।

​राजनीतिक संरक्षण की चर्चाओं से गरमाया मामला

​इस मामले में एक और संवेदनशील पहलू सामने आ रहा है। ग्राम लोहरवारा में चल रही अवैध शराब की बिक्री को संरक्षण देने को लेकर एक स्थानीय भाजपा नेता के नाम की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। राजनीतिक संरक्षण की इन चर्चाओं के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। ग्रामीणों का मानना है कि प्रभावशाली लोगों की शह और संरक्षण के बिना इस तरह खुलेआम शराब का परिवहन और बिक्री संभव नहीं है।

​विलायतकला–स्लीमनाबाद मार्ग पर तनाव, सख्त कार्रवाई की मांग

​शराब की पेटियां सड़क पर फेंके जाने की घटना के बाद विलायतकला–स्लीमनाबाद मार्ग पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग है कि अवैध शराब के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए।