
सात साल से फरार स्थाई वारंटी पवन उर्फ शनि ठाकुर गिरफ्तार, चार मामलों में थी पुलिस तलाश
कटनी। फरार वारंटियों की धरपकड़ के तहत कोतवाली पुलिस ने सात साल पुराने चार आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी पवन उर्फ शनि ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से दो स्थाई वारंट और दो गिरफ्तारी वारंट जारी थे।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 25 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सुभाष चौक के पास बाजार क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी सुभाष चौक स्थित यूनियन बैंक की गली में जाता दिखा। पुलिस को देखते ही उसने गलियों से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन उर्फ शनि ठाकुर (26) पिता सुरेश ठाकुर, निवासी शेर चौक, जालपा मढ़िया के पास कटनी के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध कोतवाली थाने में वर्ष 2019 और 2020 के अपराध क्रमांक 558/19, 746/19, 249/20 और 698/20 दर्ज हैं। इन प्रकरणों में हत्या के प्रयास और अवैध रूप से पैसों की मांग करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के साथ प्रधान आरक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, पुष्पराज सिंह और आरक्षक दीपक तिवारी की उल्लेखनीय भूमिका रही।
