
सत्य संवाद समाचार
41 बार रक्तदान कर मिसाल बने ग्राम करेला निवासी माधवेंद्र सिंह गौतम
कटनी। इंसान ही इंसान के काम आता है — इस भावना को ग्राम करेला निवासी माधवेंद्र सिंह गौतम ने अपने कर्मों से सच कर दिखाया है। 44 वर्ष की उम्र में भी उनका उत्साह और सेवा भाव किसी युवा से कम नहीं है। वे अब तक 41 बार रक्तदान कर चुके हैं और आगे भी इस नेक पहल को जारी रखने का संकल्प लिए हुए हैं।
माधवेंद्र सिंह गौतम ने बिना किसी जाति, धर्म या भेदभाव के हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए अपना रक्त दिया है। उन्होंने कई बार कटनी के सरकारी अस्पताल पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों को रक्तदान किया और संकट के समय कई जिंदगियों को सहारा दिया।
रक्तदान को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए माधवेंद्र सिंह गौतम कहते हैं कि इंसान ही इंसान के काम आता है, मैं भी एक इंसान हूं और मेरे अंदर भी दिल है। उनका कहना है कि करके देखो अच्छा लगता है और आपके जीते जी आपके परिवार में आपका रक्त तो बह रहा है, आपके जाने के बाद भी आपका रक्त कई लोगों के अंदर दौड़ रहा होगा। इसी संवेदना और जिम्मेदारी के साथ वे लगातार समाजसेवा में जुटे हैं और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उनकी इस निरंतर सेवा भावना और 41 बार रक्तदान करने की उपलब्धि पर सत्य संवाद समाचार परिवार उन्हें नमन करता है।
