
सत्य संवाद डिजिटल नेटवर्क | कटनी
मेयर-इन-काउंसिल की बैठक में नगर विकास के कई प्रस्तावों को मंजूरी, सौर ऊर्जा परियोजना और आवास योजनाओं पर मुहर
कटनी। नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगर निगम की कार्य व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर जनहित और नगर हित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार भी उपस्थित रहीं।
बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, श्रीमती सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन के साथ उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री और विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद रहे।
निगम के कामकाज के लिए श्रमिकों की स्वीकृति
बैठक में निगम की सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए श्रमिकों की व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। इनमें स्वास्थ्य विभाग में पूर्व से कार्यरत अकुशल दैनिक वेतन श्रमिकों और विभिन्न कार्यों के लिए आउटसोर्स श्रमिकों की स्वीकृति, जलप्रदाय विभाग के कुशल श्रमिकों तथा जलकर वसूली को गति देने के लिए कुशल श्रमिकों की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा राजस्व विभाग में आउटसोर्स श्रमिकों तथा सड़क व स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्य के लिए श्रमिकों की उपलब्धता को भी मंजूरी मिली।
आवासीय योजनाओं के काम में आएगी तेजी
आवास योजनाओं से जुड़े एजेंडों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के एएचपी घटक के विभिन्न आवासीय प्रकल्पों में अधोसंरचना और अपूर्ण कार्यों को पूरा करने की स्वीकृति दी गई। ईडब्ल्यूएस आवासों में बाह्य विद्युतीकरण, बाहरी मोड़ और झिंझरी क्षेत्र के आवासीय कार्यों, पीएमएवाई (शहरी) 2.0 के बीएलसी घटक के पात्र हितग्राहियों की सूची के अनुमोदन तथा आईएचएसडीपी योजना के तहत बने भवनों के आवंटन के लिए हितग्राहियों के चयन को भी मंजूरी दी गई।
सौर ऊर्जा और नए निगम भवन पर सहमति
बैठक में बिजली के खर्च को कम करने के लिए कैप्टिव सौर ऊर्जा परियोजना लगाने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन का निर्माण कराने और विभिन्न वार्डों के मार्गों व बस्तियों के नामकरण करने के प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। साथ ही जलप्रदाय विभाग की व्यवस्था सुधारने, विभिन्न शाखाओं में आउटसोर्स के जरिए मैनपावर व श्रमिक उपलब्ध कराने की निविदा और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
इन प्रमुख मुद्दों पर भी हुई चर्चा
जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर विचार करते हुए जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक के शेष कार्य को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया गया। इंदिरा गांधी वार्ड के बालाजी नगर और शिव नगर में विद्युतीकरण कार्य को गति देने के लिए मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारियों से चर्चा कर काम शीघ्र शुरू कराने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त वार्डों में विकास शुल्क शिविर लगाने, फूल माला वाहनों तथा बड़ी व हस्त चलित फागिंग मशीनों की मरम्मत कर वार्डों में बड़े पैमाने पर फागिंग अभियान चलाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
