
सत्य संवाद विशेष रिपोर्ट
1 नवंबर से बदलेगा मोबाइल कॉलिंग का नियम, अनजान नंबर से कॉल आने पर स्क्रीन पर दिखेगा कॉलर का नाम
सत्य संवाद न्यूज डेस्क: देश में मोबाइल फोन उपभोक्ताओं के लिए 1 नवंबर से कॉलिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब किसी भी अनजान नंबर से फोन आने पर स्क्रीन पर केवल नंबर ही नहीं, बल्कि फोन करने वाले व्यक्ति का रजिस्टर्ड नाम भी दिखाई देगा। दूरसंचार विभाग के निर्देशानुसार टेलीकॉम कंपनियां कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सेवा शुरू करने जा रही हैं।
इस नई सुविधा के लागू होने के बाद उपयोगकर्ताओं को Truecaller जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी।
बिना किसी ऐप और रजिस्ट्रेशन के मिलेगी सुविधा
CNAP सेवा का लाभ उठाने के लिए यूजर्स को कोई ऐप डाउनलोड करने या अलग से रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
- स्वचालित सुविधा: 4G और 5G नेटवर्क पर यह सर्विस डिफॉल्ट रूप से चालू रहेगी।
- कंपनी रिकॉर्ड से दिखेगा नाम: यदि नंबर आपकी कांटेक्ट लिस्ट में सेव नहीं है, तो टेलीकॉम कंपनी के सिम रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड में दर्ज नाम ही आपकी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।
- सेव नंबरों पर बदलाव नहीं: जो नंबर आपके फोन में पहले से सेव हैं, उन पर आपके द्वारा सेव किया गया नाम ही दिखेगा।
2G, 3G और इंटरनेशनल कॉल्स के लिए नियम
- 4G/5G यूजर्स से शुरुआत: शुरुआती चरण में यह सुविधा केवल 4G और 5G स्मार्टफोन यूजर्स के लिए लागू की जा रही है। 2G, 3G और लैंडलाइन नेटवर्क पर इसे बाद में लागू करने पर विचार किया जाएगा।
- इंटरनेशनल कॉल: विदेश से आने वाली अनजान कॉल्स पर किसी का नाम दिखने के बजाय स्क्रीन पर ‘International Call’ लिखा आएगा।
- गोपनीयता विकल्प: जिन उपभोक्ताओं ने कॉलर लाइन आइडेंटिफिकेशन रिस्ट्रिक्शन (CLIR) की विशेष सेवा ले रखी है, उनका नाम स्क्रीन पर शो नहीं होगा।
सत्य संवाद की सावधान: फ्रॉड से सुरक्षा की शत-प्रतिशत गारंटी नहीं
CNAP सेवा से कॉलर की पहचान करना आसान जरूर होगा, लेकिन यह धोखाधड़ी से पूरी तरह सुरक्षा का दावा नहीं करता।
अगर नंबर किसी वैध व्यक्ति के नाम पर भी दर्ज है, तब भी उस नंबर से साइबर फ्रॉड या ठगी की कोशिश की जा सकती है। इसलिए सत्य संवाद अपने सभी पाठकों से अपील करता है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी (OTP) या अन्य निजी विवरण कभी साझा न करें।
