सत्य संवाद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल
दद्दा धाम कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर बना स्पीड ब्रेकर, रहवासियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
कटनी:
दद्दा धाम कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को आखिरकार विराम लग गया है। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार की पहल पर कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे रहवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
रिफ्लेक्टर के बाद अब स्पीड ब्रेकर का निर्माण
कुछ समय पहले कॉलोनीवासियों ने तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के समक्ष रखी थी। लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने आवश्यक सामग्री उपलब्ध होते ही त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
इसी वादे के तहत, पहले चरण में नगर निगम द्वारा मुख्य मार्ग पर विजिबिलिटी और सुरक्षा बढ़ाने के लिए रिफ्लेक्टर लगवाए गए थे। अब आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने के बाद, दद्दा धाम गेट के समीप मुख्य मार्ग पर पक्के स्पीड ब्रेकर बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है।
रहवासियों ने जताया आभार
नगर निगम प्रशासन के इस त्वरित और जनहितैषी कदम से स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर है। कॉलोनीवासियों ने आयुक्त तपस्या परिहार की संवेदनशीलता और उनकी मांग पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्य कराने के लिए भूरी-भूरी प्रशंसा की है। सभी रहवासियों ने आयुक्त महोदया और नगर निगम टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जनता की माँग पर बुनियादी सुविधाओं में सुधार और सड़क सुरक्षा की दिशा में नगर निगम का यह कदम वाकई सराहनीय है। इससे न केवल वाहनों की गति नियंत्रित होगी, बल्कि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का आवागमन भी सुरक्षित हो सकेगा।
रिपोर्ट: सत्य संवाद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल, कटनी

