*जयपुर: भरतपुर सरपंच चुनाव में एक वोट से हार पर बवाल, दोबारा मतदान की मांग, PRO पर लगाए मिलीभगत के आरोप*
Nov 8, 2026

*जयपुर:* भरतपुर जिले की ग्राम पंचायत धरसोनी में सरपंच पद के चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद मतगणना को लेकर विवाद गहरा गया है. चुनाव में एक वोट से हार का दावा करते हुए प्रत्याशी के परिजन और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. ग्रामीण कलेक्ट्रेट के बाहर अंबेडकर भवन परिसर में धरने पर बैठ गए और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा मतदान कराने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने पीआरओ पर विजयी प्रत्याशी से मिलीभगत कर चुनाव परिणाम प्रभावित करने और मतगणना में पक्षपात करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में एसडीएम भर्ती गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण ज्ञापन देने आए थे. उनकी मांगों का ज्ञापन ले लिया गया है. ग्रामीणों से समझाइश भी की गई थी. इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है.

सरपंच पद की प्रत्याशी के पति बलवीर सिंह डागुर ने बताया कि उनकी पत्नी ग्राम पंचायत धरसोनी से चुनाव मैदान में थी. मतगणना के शुरुआती परिणाम में उन्हें 9 वोटों से हारा हुआ घोषित किया गया. इस पर उन्होंने रिकाउंटिंग की मांग की. दोबारा मतगणना में हार का अंतर घटकर महज एक वोट रह गया. बलवीर सिंह का आरोप है कि मतगणना के दौरान उनकी पत्नी के पक्ष में पड़े वैध मतों को भी निरस्त कर दिया गया, जबकि दूसरी प्रत्याशी के ऐसे मतों को मान्य कर दिया गया, जिन पर दूसरी लाइन में क्रॉस के निशान थे.

*खारिज 38 मतों में 36-37 अपने पक्ष के होने का दावा:*

बलवीर सिंह का आरोप है कि चुनाव में कुल 38 मत खारिज किए गए. इनमें से 36 से 37 मत उनकी पत्नी के पक्ष के थे, जबकि विजयी प्रत्याशी के पक्ष के केवल दो मत निरस्त हुए. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में एक ही प्रत्याशी के मत कैसे खारिज हो गए? उनका आरोप है कि पीआरओ ने जानबूझकर उनके पक्ष के मतों को निरस्त किया और दूसरी प्रत्याशी को अनुचित लाभ पहुंचाया.

*रात 12 बजे गणना पूरी, सुबह 4 बजे घोषित किया परिणाम:*

बलवीर सिंह ने मतगणना के बाद परिणाम घोषित करने में हुई देरी पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि मतगणना रात करीब 12 बजे पूरी हो गई थी, लेकिन परिणाम की घोषणा सुबह 4 बजे तक नहीं की गई. इस दौरान उन्हें और उनके समर्थकों को करीब चार घंटे तक इंतजार कराया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि जब मतगणना पूरी हो चुकी थी तो परिणाम घोषित करने में इतनी देरी क्यों की गई?उन्होंने पीआरओ और विजयी प्रत्याशी पर मिलीभगत का आरोप लगाया. बलवीर सिंह का कहना है कि विजयी प्रत्याशी और पीआरओ दोनों एक गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने प्रशासन से पीआरओ के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाने और मतदान कक्ष की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इन साक्ष्यों से चुनाव प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ी सामने आ सकती है. ग्रामीणों ने चुनाव परिणाम पर असंतोष जताते हुए दोबारा मतदान कराने की मांग रखी है.