🚨 सत्य संवाद | विशेष समाचार

OCI कार्ड का मतलब विरोध प्रदर्शन की छूट नहीं: अभिनेता इमरान खान को बॉम्बे हाई कोर्ट की कड़ी टिप्पणी

मुंबई। अभिनेता इमरान खान की उस याचिका पर सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) द्वारा जारी किए गए ‘लीव इंडिया नोटिस’ को चुनौती दी थी।

अदालत ने सुनवाई के दौरान कहा कि ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड होने का अर्थ यह नहीं है कि कोई व्यक्ति विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने का अधिकार प्राप्त कर लेता है। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि यदि किसी व्यक्ति ने दूसरे देश में इस प्रकार की गतिविधि की होती, तो संभव है कि उसे वहां से पहले ही बाहर कर दिया गया होता।

मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत एम. सेठना की पीठ ने की।

कोर्ट ने पूछा—क्या विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे?

सुनवाई के दौरान अभिनेता की ओर से अदालत को बताया गया कि उन्हें पूछताछ के लिए कभी नहीं बुलाया गया था। इस पर अदालत ने उनसे स्पष्ट करने को कहा कि क्या उन्होंने संबंधित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था या नहीं।

वहीं, सरकार की ओर से पीठ को जानकारी दी गई कि इस मामले से संबंधित एक प्रकरण दर्ज किया गया है।

अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अदालत के आगामी रुख पर सभी की नजर बनी हुई है।