
कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर में ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का सिर कटा शव, वेंडर होने की आशंका; जांच में जुटी जीआरपी
सत्य संवाद डिजिटल नेटवर्क | कटनी
कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में बुधवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का सिर धड़ से अलग शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने घटनास्थल का मुआयना कर मर्ग कायम किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
चाय वेंडर होने की चर्चा, पुलिस कर रही पहचान के प्रयास
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि मृतक ट्रेनों में घूम-घूमकर चाय बेचने (वेंडर) का काम करता था। घटनास्थल के पास एक चाय का कंटेनर मिलने की बात भी सामने आ रही है, जिससे इस आशंका को और बल मिला है। हालांकि, जीआरपी ने अभी तक मृतक के वेंडर होने या वहां से कंटेनर बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि आसपास के थानों और रेलवे स्टाफ की मदद से युवक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
हादसा या संदिग्ध मौत? हर एंगल से जांच जारी
शुरुआती तौर पर यह मामला किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन जीआरपी इस मामले को संदिग्ध मानकर अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद एक बार फिर रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और ट्रेनों में चलने वाले अवैध वेंडरों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
रिपोर्ट: सत्य संवाद डिजिटल नेटवर्क, कटनी
