अमावस्या तिथि दो दिन रहने के बावजूद 8 नवंबर को मनाया जा रहा दीपोत्सव, लक्ष्मी पूजन के लिए प्रदोष काल को बताया विशेष फलदायी
कटनी। दीपों के महापर्व दीपावली को लेकर रविवार, 8 नवंबर को शहर सहित पूरे देश में उत्साह और उल्लास का वातावरण है। घरों, प्रतिष्ठानों और बाजारों में आकर्षक सजावट की गई है। दीपों की रोशनी और धार्मिक उत्साह के बीच श्रद्धालु मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की आराधना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
दीपावली पर पूजन के शुभ समय और धार्मिक महत्व को लेकर आचार्य पंडित बालमुकुंद त्रिपाठी ‘बुलट महाराज’ ने बताया कि मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए प्रदोष काल का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस समय विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजन करना शुभ माना जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्तिक अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11 बजकर 27 मिनट से प्रारंभ होकर 9 नवंबर को दोपहर लगभग 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। अमावस्या तिथि दो दिन रहने के बावजूद परंपरा के अनुसार दीपावली का मुख्य पर्व 8 नवंबर की शाम को मनाया जा रहा है।
विधि-विधान से करें मां लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा
बुलट महाराज ने बताया कि दीपावली की शाम सर्वप्रथम घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई कर चौकी पर लाल अथवा पीला वस्त्र बिछाएं। इसके बाद भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें। दीप प्रज्वलित कर रोली, अक्षत, पुष्प, धूप, नैवेद्य एवं मिठाई अर्पित करें। तत्पश्चात श्रद्धापूर्वक आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि, धन-धान्य, बुद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करें।
अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है दीपोत्सव
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह जीवन में सकारात्मकता, ज्ञान और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का संदेश भी देता है। यह पर्व अज्ञान पर ज्ञान, निराशा पर आशा और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
बुलट महाराज ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का पूजन करने तथा दीपों का यह पावन पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक परंपराओं के साथ मनाने की अपील की।

