डिजिटल मायाजाल: सोशल मीडिया और स्क्रीन की लत छीन रही मानसिक शांति, सेहत पर गहरा प्रभाव

​(सत्य संवाद डिजिटल नेटवर्क)। तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया में स्मार्टफोन और सोशल मीडिया हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इसका अति उपयोग अब गंभीर मानसिक और शारीरिक समस्याओं का कारण बन रहा है। हालिया अध्ययन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो जरूरत से ज्यादा रील्स, शॉर्ट्स और सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग युवाओं व बच्चों के मानसिक विकास और शारीरिक स्वास्थ्य पर सीधा हमला कर रही है।

​मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा रहा संकट

अनियंत्रित सोशल मीडिया के इस्तेमाल से चिंता (Anxiety), अवसाद (Depression) और अकेलेपन की भावना तेजी से बढ़ रही है।

  • ​तुलना की आदत: लोग दूसरों की एडिटेड और दिखावटी जिंदगी देखकर खुद की तुलना करने लगते हैं, जिससे आत्म-सम्मान में कमी आती है।
  • ​FOMO का डर: मन में लगातार यह डर बना रहता है कि कहीं कोई नया ट्रेंड या अपडेट उनसे छूट न जाए।

​शारीरिक और बौद्धिक विकास में रुकावट

देर रात तक फोन का इस्तेमाल शरीर में मेलाटोनिन हार्मोन के संतुलन को बिगाड़ देता है, जिससे नींद न आने की समस्या पैदा होती है। इसके अलावा, लगातार रील्स देखने से दिमाग की एकाग्रता क्षमता (Focus) घट रही है। घटों एक ही जगह बैठकर स्क्रीन देखने से आंखों पर जोर, गर्दन व पीठ दर्द और शारीरिक थकान बनी रहती है।

​समय की बर्बादी और रिश्तों में दूरी

बिना वजह घंटों फोन स्क्रीन पर बिताना पढ़ाई और जरूरी कामकाज को प्रभावित कर रहा है। लोग अपनों के पास बैठकर भी वर्चुअल दुनिया में खोए रहते हैं, जिससे पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों में दूरी आ रही है।

​सत्य संवाद सलाह: कैसे करें डिजिटल डिटॉक्स?

  • ​समय सीमा तय करें: फोन में डिजिटल वेलबीइंग टूल्स की मदद से ऐप्स के इस्तेमाल का समय फिक्स करें।
  • ​नो-स्क्रीन जोन बनाएं: बेडरूम और खाने की टेबल पर मोबाइल का उपयोग पूरी तरह बंद रखें।
  • ​मैदानी खेल और वॉक: वर्चुअल दुनिया छोड़कर रोजाना शारीरिक गतिविधियों और अपनों के साथ बातचीत के लिए समय निकालें।