
सतना-मैहर में तनाव: बिगौड़ी-बदरखा मामले में भड़के पूर्व बजरंग दल संयोजक महेश तिवारी, आंदोलन की दी चेतावनी
मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिगौड़ी और बदरखा में हिंदुओं के कथित पलायन और लगातार बढ़ रही अवांछनीय गतिविधियों को लेकर बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक महेश तिवारी का तीखा आक्रोश सामने आया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे संपूर्ण हिंदू समाज और जनप्रतिनिधियों के लिए खुली चुनौती करार दिया है।
‘मध्यप्रदेश में पाकिस्तान-बांग्लादेश जैसे हालात’
सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक संदेश के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए महेश तिवारी ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि ग्राम बिगौड़ी से गरीब हिंदुओं के पलायन के संदेश, मकानों पर लिखे गए नारों और ग्रामीणों के दर्दभरे वीडियो यह दर्शाते हैं कि स्थिति कितनी विकट है। उन्होंने कहा कि यह किसी अन्य देश का नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश का मामला है, जहां हिंदू समाज को प्रताड़ित होना पड़ रहा है।
प्रशासनिक संरक्षण का आरोप और जिला बदर की चेतावनी
महेश तिवारी ने स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन पर लापरवाही और पक्षपात का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अधिकारी केवल अपने स्वार्थ और लॉ एंड ऑर्डर के नाम पर काम करते हैं। काम निकल जाने के बाद कार्यकर्ताओं पर ही उल्टे-सीधे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जिला बदर करने का दबाव बनाया जाता है।” उन्होंने मैहर के 2017 के घटनाक्रम का हवाला देते हुए अंदेशा जताया कि वर्तमान स्थिति से क्षेत्र का माहौल पुनः बिगड़ने की आशंका है।
हिंदू पंचायत और आर-पार की लड़ाई का आह्वान
पूर्व बजरंग दल संयोजक ने विभिन्न सामाजिक संगठनों और हिंदूवादी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे महज ज्ञापन और पत्रों तक सीमित न रहें। उन्होंने मैहर जिला मुख्यालय में एक विशाल ‘ऐतिहासिक हिंदू पंचायत’ बुलाने और खुले विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सदैव धर्म और समाज के हित के लिए बिना केस-मुकदमों की परवाह किए संघर्षरत रहे हैं और आगे भी आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
