आरक्षण की समीक्षा को लेकर भारतीय जन मोर्चा पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सत्य संवाद न्यूज
अमरपाटन/मैहर
आरक्षण के नियमों में समीक्षा और वंचित वर्ग तक इसका वास्तविक लाभ पहुँचाने की मांग को लेकर भारतीय जन मोर्चा पार्टी (जिला इकाई मैहर) ने अमरपाटन एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में आरक्षण का लाभ जरूरतमंद, गरीब और वंचित वर्ग तक पहुँचने के बजाय संपन्न लोग उठा रहे हैं। ऐसे में आरक्षण नीति की समीक्षा किया जाना बेहद आवश्यक है।
सांसद-विधायक बनने के बाद दोबारा चुनाव लड़ने पर लगे प्रतिबंध
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग रखी है कि आरक्षण के बल पर एक बार विधायक या सांसद बनने के बाद संबंधित व्यक्ति के दोबारा उसी आरक्षित पद से चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध होना चाहिए। उस स्थान पर उसी समाज के अन्य वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति को अवसर मिलना चाहिए। बार-बार एक ही व्यक्ति द्वारा आरक्षण का लाभ लेना नीतियों का घोर दुरुपयोग है।
“समानता के नाम पर भ्रम फैलाने का विरोध”
पार्टी के नेताओं ने कहा कि समाज में जातिगत भेदभाव और शोषण को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जिससे सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। इसके खिलाफ एकजुट होकर सही नीतियों को लागू करने की जरूरत है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय जन मोर्चा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एस. के. त्रिपाठी, राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र राय, दिलीप बुनकर, रविशंकर यादव, चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, देवर्षि द्विवेदी, रमेश कुशवाहा, गंगा प्रसाद विश्वकर्मा, अश्वनी त्रिपाठी, रामलाल साकेत, लल्लू पांडे, उमाकांत द्विवेदी, आनंद द्विवेदी, राममोहन द्विवेदी, बलजी मिश्रा सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

