
वीरपाड़ा के 18 फीट गहरे कुएं में समुद्र जैसी लहरें, लोगों में कौतूहल; प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील
मोरबी। गुजरात के मोरबी जिले स्थित वीरपाड़ा गांव से एक हैरान करने देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 18 फीट गहरा कुआं अचानक लोगों के आकर्षण और रहस्य का केंद्र बन गया है। इस कुएं का पानी किसी शांत जलाशय की तरह नहीं, बल्कि समुद्र की ऊंची लहरों की तरह उफान और हिलोरें मार रहा है।
अचरज की बात यह है कि यह कुआं महज तीन महीने पहले ही खोदा गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास मौजूद अन्य सभी कुओं का पानी पूरी तरह शांत है, लेकिन केवल इसी कुएं में पानी लगातार उछल रहा है। इस अनोखी घटना को देखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू होने के बाद स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। मोरबी के जिला कलेक्टर ने स्थिति का जायजा लेते हुए आम जनता से किसी भी प्रकार की अंधविश्वास या भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। विशेषज्ञों की मदद से पानी की इस हलचल के पीछे के वैज्ञानिक और भूगर्भीय कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
(रिपोर्ट: सत्य संवाद न्यूज नेटवर्क)
