NH-43 पर रफ्तार का कहर: गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौके पर ही मौत, 1 गंभीर

​कटनी। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर नायरा पेट्रोल पंप के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

​बड़वारा अस्पताल में घायल भर्ती, दो की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन लोग अपने गांव कोड़िया की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान नायरा पेट्रोल पंप के पास सामने से गलत दिशा में आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

​हादसे में कोड़िया निवासी राममिलन नापित (45 वर्ष) और ठितबार निवासी रामसुजान नापित (40 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कोड़िया निवासी अभिषेक नापित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने तत्काल घायल को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

​ट्रक जब्त, चालक पुलिस हिरासत में

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची बड़वारा थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने आरोपी ट्रक को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बड़वारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।