
कटनी आरटीओ कर्मचारियों पर एक लाख रुपये वसूली के आरोप, वीडियो वायरल; कलेक्टर, एसपी और लोकायुक्त से शिकायत
कटनी। शहर के परिवहन विभाग (आरटीओ) के कर्मचारियों पर एक वाहन मालिक से एक लाख रुपये की जबरिया वसूली करने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठे एक निजी दलाल द्वारा नोट गिनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। शिकायतकर्ता ने कथित प्रमाणों के साथ कटनी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और लोकायुक्त को लिखित शिकायत भेजकर जांच व कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
पहरुआ मंडी रोड निवासी शिकायतकर्ता जयप्रकाश पांडे ने शिकायत में बताया कि उनका हाईवा वाहन (क्रमांक CG10BM-3646) 18 नवंबर को कैमोर-अमेहटा रेल फाटक के पास लोड खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी सहित अन्य लोग ड्राइवर के पास पहुंचे और वाहन को जब्त कर कटनी आरटीओ कार्यालय ले आए।
शिकायत के मुताबिक, जब जयप्रकाश पांडे ने आरटीओ कार्यालय में संपर्क किया, तो सुखेंद्र तिवारी ने कथित तौर पर बिचौलिए के माध्यम से एक लाख रुपये की मांग की।
वायरल वीडियो और कथित बातचीत का दावा
पीड़ित का आरोप है कि रुपये की व्यवस्था करने के बाद जब वह आरटीओ कार्यालय पहुंचे, तो कार्यालय के बाहर बैठे एक निजी दलाल के जरिए लेनदेन हुआ, जिसका नोट गिनते हुए वीडियो सामने आया है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी ने कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी से फोन पर बातचीत के दौरान 90 हजार रुपये नकद और 10 हजार रुपये ऑनलाइन मिलने की बात कही।
उच्च अधिकारियों से की गई शिकायत
शिकायतकर्ता जयप्रकाश पांडे ने पूरे घटनाक्रम से जुड़े कथित प्रमाण संलग्न करते हुए कटनी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और लोकायुक्त को शिकायत सौंपी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
