
कटाएघाट मेले का भव्य शुभारंभ: मधई मंदिर से निकली शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा कटनी
सत्य संवाद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल | कटनी
कटनी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक श्री बजरंग कटाएघाट मेला मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच शुरू हो गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नगर निगम के तत्वावधान में आयोजित इस मेले की शुरुआत मधई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होती हुई कटाएघाट मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रभु श्री बजरंगबली की स्थापना कर मेले का औपचारिक आगाज किया गया।
मधई मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई शोभायात्रा
शोभायात्रा शुरू होने से पहले जनप्रतिनिधियों ने मधई मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद प्रभु श्री बजरंगबली की आरती उतारकर शोभायात्रा को रवाना किया गया। वाहन में विराजित श्री हनुमान जी महाराज की भव्य प्रतिमा, ध्वज पताका लिए श्रद्धालु और भजन मंडली के भक्तिमय गीतों से पूरे माहौल में धार्मिक उत्साह भर गया।
प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
मधई मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, शेर चौक और मिशन चौक होते हुए कटाएघाट मंदिर पहुंची। रास्ते में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में प्रभु की आरती की गई और विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आयोजन में सहभागिता निभाई।
कटाएघाट मंदिर में ध्वज पताका फहराकर विराजे बजरंगबली
कटाएघाट मंदिर पहुंचने पर पारंपरिक विधि-विधान से भगवान श्री बजरंगबली की स्थापना की गई। मंदिर परिसर में ध्वज पताका फहराई गई और आरती-पूजन के साथ मेले के शुभारंभ की धार्मिक रस्में पूरी हुईं। इसके साथ ही कटाएघाट मेला परिसर उत्सव और आस्था के रंग में रंग गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, रेखा संजय तिवारी, वंदना राजकिशोर यादव, गोविंद चावला, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
प्रशासन और नगर निगम की ओर से उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, शैलेन्द्र प्यासी, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल, समाजसेवी संजय गुप्ता, रमेश सोनी, पूर्व कर्मचारी विष्णु प्रसाद साहू, राकेश तिवारी, महेंद्र शर्मा, नगर निगम के तीनों स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा निगम अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
