महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने नगरवासियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व की दीं हार्दिक शुभकामनाएं

दीपोत्सव पर स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बनाएं उत्सव का हिस्सा, खुशियों के साथ स्वच्छ एवं सुंदर शहर का भी लें संकल्प

कटनी। दीपों की जगमगाहट, खुशियों की रोशनी और आपसी प्रेम एवं सद्भाव के संदेश के साथ मनाए जाने वाले दीपावली के पावन पर्व पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने समस्त नगरवासियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने मां लक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए कामना की कि प्रकाश का यह महापर्व प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य, वैभव एवं खुशहाली का नया उजास लेकर आए तथा नगर में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना निरंतर मजबूत हो।

अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप प्रज्ज्वलित करने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि यह स्वच्छता, सकारात्मकता, स्वास्थ्य, सद्भाव और नई ऊर्जा के संचार का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने घर-आंगन के साथ-साथ आसपास के परिवेश को भी स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखने की प्रेरणा देता है। त्योहार की वास्तविक खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब हम अपने उत्सव के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि दीपावली पर आतिशबाजी करते समय सुरक्षा संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखें। पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही चलाएं, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखें तथा बच्चों को आतिशबाजी के दौरान अकेला न छोड़ें। पर्यावरण एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ध्वनि और वायु प्रदूषण कम करने वाले विकल्पों को प्राथमिकता दें, ताकि त्योहार की खुशियां किसी के लिए परेशानी का कारण न बनें।

उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन दीपावली पर्व के दौरान शहर की सफाई, कचरा संग्रहण एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगरवासियों से अपेक्षा है कि वे सफाई मित्रों के श्रम और योगदान का सम्मान करते हुए कचरा निर्धारित स्थान पर ही दें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में निगम के स्वास्थ्य अमले का सहयोग करें।

अंत में उन्होंने समस्त नगरवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि आइए, इस दीपोत्सव पर अपने घरों के साथ अपने शहर को भी स्वच्छता के दीपों से रोशन करें और स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित एवं सुंदर कटनी के निर्माण में सहभागी बनें। मां लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली का वास हो तथा नगर निरंतर विकास और उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे।