
कटनी (सत्य संवाद):
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह का आज सुबह कटनी आगमन हुआ। रेलवे स्टेशन पर पार्टी के कुछ गिने-चुने कार्यकर्ताओं और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों ने उनकी अगवानी की, जिसके बाद वे सीधे सर्किट हाउस विश्राम के लिए चले गए।
दोपहर 12 बजे घंटाघर में आयोजित जनसभा को लेकर आयोजकों द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी मैदान में अपेक्षित जनसैलाब नज़र नहीं आया। संजय सिंह और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के संरक्षक रघु ठाकुर के भाषण को सुनने के लिए सुबह से ही भीड़ जुटाने की कोशिशें की गईं, लेकिन आम जनता का रुख काफी उदासीन दिखाई दिया।
स्थानीय मुद्दों पर ठोस रणनीति का अभाव
कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों, संवैधानिक संस्थाओं और निजीकरण जैसे राष्ट्रीय विषयों पर बयानबाजी तो हुई, लेकिन स्थानीय मुद्दों—जैसे बुजबुजा डोकरिया के किसानों की भूमि, पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज और नदियों-पहाड़ों के अवैध खनन—पर ठोस समाधान बताने के बजाय राजनीति ही हावी रही।
स्थानीय लोगों का मानना है कि केवल चुनावी माहौल बनाने और बयानों तक सीमित रहने से कटनी की जमीनी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। भले ही आयोजक मंडल के प्रभात पांडे, सचिन शर्मा, राजय रजक, विष्णु बाजपेई और अन्य कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने में लगे रहे, लेकिन आम जनता की कम उपस्थिति ने दौरे के प्रभाव पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
