
रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा: कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, कई प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल
सत्य संवाद न्यूज
कटनी। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मिलावटखोरों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है।
विभाग की टीम द्वारा कटनी शहर, माधवनगर, बरही और ढीमरखेड़ा स्थित मिठाई, खोया, दूध, घी और पनीर की दुकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सैंपल (नमूने) एकत्र किए जा रहे हैं।
इन प्रमुख दुकानों से लिए गए सैंपल
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर सैंपल जांच के लिए जुटाए हैं:
- खोवा मंडी व मुख्य बाजार (कटनी): महावीर खोवा भंडार, मुन्ना खोवा भंडार, गुप्ता खोया भंडार (सिल्वर टॉकीज) एवं महावीर दूध भंडार से खोया, घी, पनीर, मिल्क केक, कुंदा पेड़ा और नारियल बर्फी के नमूने लिए गए।
- माधवनगर: साक्षी स्वीट्स और बॉम्बे स्वीट्स से काजू कतली, कलाकंद एवं खोया के सैंपल संकलित किए गए।
- बरही व ढीमरखेड़ा: सिद्धिविनायक स्वीट्स (बरही) से मगज लड्डू व मिल्क केक तथा ढीमरखेड़ा क्षेत्र की दुकानों से रसगुल्ला एवं सोनपापड़ी के नमूने लिए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय गुप्ता और ओपी साहू ने बताया कि संकलित किए गए सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी प्रतिष्ठान की सामग्री अमानक या मिलावटी पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम’ के तहत कड़ी न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं और डेयरी संचालकों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित ढंग से रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारी सीजन में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
