
कटनी के हिरवारा में आबकारी विभाग का छापा: रिहायशी मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, एक पर मामला दर्ज
कटनी (सत्य संवाद): जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक-03 की टीम ने ग्राम हिरवारा में एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर 31.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की है। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 19 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में एन.के.जे. थाना अंतर्गत हिरवारा निवासी राहुल गुप्ता (36 वर्ष) के घर से अलग-अलग ब्रांड की देशी-विदेशी शराब जब्त की गई।
जब्त की गई मदिरा का ब्योरा:
- देशी मदिरा: 86 पाव
- गोआ व्हिस्की (विदेशी): 39 पाव
- गोआ जिन (विदेशी): 8 बोतल
- माउंट बियर (विदेशी): 6 केन
टीम ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक आंचल प्रजापति, सीमा देवी कोल सहित विभाग का अन्य अमला मौजूद रहा।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और सघन गश्त का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
