
कटनी: इंद्रानगर चाकूबाजी मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा; दो नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में, बाल संप्रेषण गृह भेजे गए
कटनी (सत्य संवाद):
शहर के कुठला थाना अंतर्गत इंद्रानगर क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। हमले में शामिल दो विधि उल्लंघनकारी बालकों (नाबालिगों) को अभिरक्षा में लेकर उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर किया था हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर गली नंबर-7 निवासी मनीशंकर निषाद (24 वर्ष) ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के चचेरे भाई विकास निषाद पर दो किशोरों ने अकारण गाली-गलौज करते हुए चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में विकास की बायीं बाजू और दाहिनी जांघ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद घायल को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुराग मिलते ही पुलिस ने दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घायल के बयानों और सुरागों के आधार पर कुठला पुलिस ने 15 सितंबर को दोनों नाबालिगों को चिन्हित कर अभिरक्षा में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया।
जबलपुर बाल संप्रेषण गृह भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों विधि उल्लंघनकारी बालकों को किशोर न्यायालय (Juvenile Court) के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जबलपुर स्थित बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, सहायक उपनिरीक्षक श्यामनारायण सिंह, तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह तथा आरक्षक मनोज राजपूत व विजय प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।
