बचपन की मासूमियत से समझदारी के सफर तक… एक भावुक कविता

कब छोटी से बड़ी हो गई

​कल तक जो आँगन में, नन्हें कदमों से चलती थी,

गुड़ियों के संग खेलती, हर ज़िद पर मचलती थी।

माँ के आँचल में छुपकर, हर डर को भूल जाती थी,

पापा की उँगली थामे, दुनिया की सैर कर आती थी।

​फिर बस्ते का बोझ कंधों पर, स्कूल की राह बनी,

नई किताबों, नए दोस्तों से, हर सुबह कुछ नई लगी।

पढ़ाई के पन्नों में उसने, अपने सपने बुने,

मेहनत और लगन के संग, आगे बढ़ने के पल चुने।

​फिर जाने कब वक़्त ने, अपनी रफ़्तार बढ़ाई है,

बचपन की उन गलियों से, अब उसने विदाई पाई है।

कभी चंचल हवा सी बहती, कभी शांत नदी सी गहरी है,

अपनों की खुशियों की खातिर, हर मोड़ पर ठहरी है।

​दूसरों के आँसू पोंछकर, खुद मुस्कुराना सीख लिया,

हर मुश्किलों को हँसकर सहना, और आगे बढ़ना सीख लिया।

फिर आई वो घड़ी भी, जब सजना था ब्याह का रंग,

अपने आँगन से उठकर, चलना था जीवनसाथी के संग।

​जिस घर में हँसी-खुशी से, हर कोना महकाया था,

एक दिन उसी घर को छोड़, नए घर को अपनाया था।

देखते ही देखते वो नन्हीं परी, इतनी समझदार हो गई,

घर की रौनक, सबकी लाडली, कब छोटी से बड़ी हो गई, पता ही नहीं चला।

​लेखक: शिवानी सिंह एवं भूमि सिंह (रंगनाथ नगर, कटनी)

​सत्य संवाद डिजिटल समाचार

​कटनी की शिवानी सिंह और भूमि सिंह की सरल कविता ने छूआ हर दिल

​कटनी। शहर के रंगनाथ नगर की रहने वाली शिवानी सिंह और भूमि सिंह की कविता ‘कब छोटी से बड़ी हो गई’ को पढ़कर हर कोई अपने घर की बेटी के सफ़र से जुड़ जाता है। सरल शब्दों में लिखी यह कविता बचपन के खेल-कूद से शुरू होकर स्कूल की पढ़ाई, समझदारी और आखिर में शादी के बाद घर छोड़ने तक की पूरी कहानी कहती है।

​आँगन की नन्हीं सी गुड़िया कब बस्ता उठाकर स्कूल जाने लगी, कब सपनों और ज़िम्मेदारियों को समझने लगी और कब अपना आँगन छोड़कर नए संसार में चल दी—इन सभी भावों को कविता में बहुत सहज और सीधे ढंग से रखा गया है।

​सत्य संवाद डिजिटल समाचार के पाठकों के लिए यह रचना परिवार और बेटी के जीवन के हर पड़ाव को बेहद सादगी और अपनेपन के साथ सामने लाती है।