कार और बाइक बीमा के नियमों में बड़ा बदलाव, थर्ड पार्टी कवर अनिवार्य; 15 दिसंबर से होंगे लागू

​कार और बाइक के बीमा नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बीमा नियामक संस्था भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने मोटर बीमा पॉलिसी में चार नए बदलाव किए हैं, जो 15 दिसंबर से पूरे देश में लागू होंगे।

​नए नियमों के तहत अब वाहन मालिकों के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस और ओनर पर्सनल एक्सीडेंट (व्यक्तिगत दुर्घटना) कवर लेना अनिवार्य होगा। वहीं, पुराने बीमा विकल्पों की जगह अब एक सिंगल पॉलिसी आएगी, जिसे चार अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाएगा।

​नई व्यवस्था में पैसेंजर लायबिलिटी कवर, यात्रियों के लिए पर्सनल एक्सीडेंट कवर और वाहन के नुकसान की भरपाई से जुड़े कवर वैकल्पिक रखे गए हैं। वाहन मालिक अपनी जरूरत के अनुसार इन विकल्पों का चुनाव कर सकेंगे।

​नियमों के अनुसार, वाहन मालिक का पर्सनल एक्सीडेंट कवर उस स्थिति में भी लागू रहेगा, जब वह खुद वाहन नहीं चला रहा हो। यात्रा के दौरान या वाहन में चढ़ते-उतरते समय दुर्घटना होने पर भी बीमा दावा किया जा सकेगा। हालांकि, इसके लिए संबंधित व्यक्ति का वाहन का पंजीकृत मालिक और पॉलिसीधारक होना तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी होगा।