
कटनी में नशे में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की सख्ती, 30 चालकों से ₹22,000 वसूला समन शुल्क
कटनी: सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए कटनी यातायात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहन चालकों से ₹22,000 का समन शुल्क वसूला गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। चेकिंग में शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए वाहन क्रमांक MP-09-BX-2180 के चालक आकाश सिंह यादव तथा वाहन क्रमांक MP-21-ZJ-2586 के चालक विनय डुमार के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक संदीप बाल्मीकि, आरक्षक दीपक सिंह, आरक्षक अभिनव शुक्ला और सैनिक सुरेंद्र निगम की टीम शामिल रही।
यातायात पुलिस ने कहा कि नशे की हालत में गाड़ी चलाने से निर्णय लेने की क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण कमजोर पड़ता है, जिससे गंभीर सड़क हादसे होने का खतरा रहता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि नशे की अवस्था में न तो स्वयं वाहन चलाएं और न ही किसी अन्य को चलाने दें, तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से पालन करें।
