सत्य संवाद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल

​रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में 4.17 लाख की चोरी, खितौला के प्रज्ञा विहार कॉलोनी की वारदात

​सिहोरा/कटनी। खितौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्रज्ञा विहार कॉलोनी के वार्ड नंबर 13 में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 4.17 लाख रुपए का सामान पार कर दिया। घटना के समय मकान मालिक रिटायर्ड एएसआई अपनी पत्नी के साथ कटनी में रह रहे बेटे से मिलने गए थे।

​मिली जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड एएसआई हीरालाल झारिया रविवार को अपनी पत्नी शकुंतला झारिया के साथ घर में ताला लगाकर कटनी स्थित अपने बेटे हिमांशु से मिलने गए थे। सोमवार दोपहर पड़ोसी ने फोन के जरिए उन्हें घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग वापस घर लौटे, जहां अंदर का सामान बिखरा मिला और चोरी की वारदात सामने आई।

​चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती सामान समेट लिया। चोरी गए माल में करीब 3.75 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण—जिनमें सोने का हार, चैन-लॉकेट, 4 सोने की चूड़ियां, 2 अंगूठियां और बच्चों का सोने का चंद्रमा शामिल हैं—के साथ चांदी की पायल, चूड़ियां, 4 सिक्के, प्लेट, कटोरी, गिलास, 16 जोड़ी बिछिया और 42 हजार रुपए नकद बताए गए हैं। कुल मिलाकर लगभग 4.17 लाख रुपए की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है।

​सूचना मिलते ही खितौला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंची फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने दरवाजों और गेट से आवश्यक साक्ष्य व फिंगरप्रिंट जुटाए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।