सीएम हेल्पलाइन निराकरण में कटनी नगर निगम की शानदार छलांग; निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता को मिल रही सराहना

कटनी/नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संतुष्टिपूर्ण समाधान के मामले में नगर निगम कटनी ने प्रदेश भर में एक मिसाल कायम की है। सितंबर 2026 की सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में निगम ने 91.29 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड हासिल करते हुए प्रदेश के टॉप-10 नगर निगमों में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस बड़ी सफलता के पीछे निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार का कड़ा प्रशासनिक नियंत्रण, उनकी कार्यकुशलता और टीम को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता मुख्य वजह बनकर उभरी है।

सक्रिय मॉनिटरिंग और मैदानी स्तर पर पकड़
सितंबर माह में प्राप्त कुल 876 शिकायतों में से आधे से अधिक (लगभग 52.4%) प्रकरणों का निराकरण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि शिकायतकर्ताओं से सीधे चर्चा कर उनकी संतुष्टि के उपरांत किया गया। विभागीय सूत्रों का कहना है कि निगमायुक्त की ओर से खुद हर शिकायत की सतत मॉनिटरिंग की जाती है और समस्याओं के समाधान के लिए फील्ड स्तर पर लगातार औचक निरीक्षण व समीक्षा बैठकों का दौर चलता है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में सकारात्मक कार्य-संस्कृति विकसित हुई है।

नेतृत्व क्षमता जो ला रही रंग
सुश्री परिहार की यह खूबी रही है कि वे केवल आदेश देने तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि पूरी टीम को प्रेरित कर उनसे सर्वश्रेष्ठ परिणाम निकलवाती हैं। उनकी इसी कार्यशैली, दूरदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता के कारण आज कटनी नगर निगम पूरे प्रदेश में अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली के लिए सराहा जा रहा है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी निगमायुक्त के इस उत्कृष्ट नेतृत्व की खुलकर प्रशंसा की है, जिससे निगम के अन्य कर्मियों का भी मनोबल काफी ऊंचा हुआ है।