सत्य संवाद

*​अधिकतम 9 लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवार होंगे पात्र, 25 लाख तक के ऋण पर मिलेगा लाभ*
​कटनी / प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत शहर के आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने योजना के अंतर्गत संचालित इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम (ब्याज अनुदान योजना) का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।
​निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना की जानकारी हर वार्ड और पात्र परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुंचे, ताकि प्रचार-प्रसार के अभाव में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
*​होम लोन पर 1.80 लाख तक की सीधी छूट*
​योजना के प्रावधानों के अनुसार, अपना घर बनाने या खरीदने के लिए बैंक से गृह ऋण लेने वाले पात्र परिवारों को अधिकतम 1 लाख 80 हजार रुपये तक का ब्याज अनुदान सीधे बैंक के माध्यम से दिया जाएगा। खास बात यह है कि यह लाभ नवीन ऋणों के साथ-साथ 1 सितंबर 2024 के बाद स्वीकृत अथवा वितरित किए गए गृह ऋणों पर भी लागू होगा।
*​क्या हैं पात्रता की प्रमुख शर्तें?*
​आय सीमा: आवेदक परिवार की कुल वार्षिक आय 9 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
*​ऋण सीमा*: योजना में अधिकतम 25 लाख रुपये तक के होम लोन पर ब्याज सब्सिडी का प्रावधान है।
*​मकान का आकार:* निर्मित आवास का क्षेत्रफल अधिकतम 120 वर्ग मीटर तक होना चाहिए।
*​पूर्व स्वामित्व:* आवेदक या उसके परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर देश में कहीं भी पहले से कोई पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
​निगमायुक्त ने अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया को गति देने और बैंकों से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। पात्र नागरिक योजना की अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए नगर निगम कार्यालय या संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं।