सत्य संवाद

​निष्पक्ष आवाज़, सीधा संवाद

​कटनी: अनंत चतुर्दशी पर नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, मिशन चौक की 2 चिकन दुकानें सील, लगा जुर्माना

​

कटनी (सत्य संवाद ब्यूरो):

पवित्र पर्व अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन कर खुलेआम मांस-मटन की बिक्री करना दो दुकानदारों को भारी पड़ गया। शहर के व्यस्तम मिशन चौक क्षेत्र में नियमों की धज्जियां उड़ाकर संचालित की जा रही दो दुकानों पर नगर निगम प्रशासन ने छापामार कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और जुर्माना ठोका।

​प्रतिबंध के बावजूद खोली दुकानें

​अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शासन एवं प्रशासन द्वारा मांस और मछली के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मिशन चौक स्थित प्रतिष्ठानों द्वारा इन सरकारी आदेशों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से मांस की बिक्री की जा रही थी। जैसे ही इसकी सूचना नगर निगम प्रशासन को मिली, निगम अमला तुरंत एक्शन मोड में आ गया।

​स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

​सूचना मिलते ही नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी अपनी टीम के साथ मिशन चौक पहुंचे। मौके पर निरीक्षण के दौरान नियमों का घोर उल्लंघन पाया गया। निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की दो दुकानों—न्यू गोल्डन एग्स एंड चिकन सेंटर तथा इंडियन एग्स एंड चिकन सेंटर को सील कर बंद कराया। इसके साथ ही दोनों दुकान संचालकों पर एक-एक हजार रुपये (कुल ₹2,000) का अर्थदंड अधिरोपित कर मौके पर ही वसूली की गई।

​पुनरावृत्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

​कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि धार्मिक पर्वों की पवित्रता बनाए रखना और शासन के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही या नियम विरुद्ध कार्य पाया गया, तो केवल जुर्माना नहीं लगाया जाएगा, बल्कि संबंधितों के खिलाफ वैधानिक धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​नगर निगम की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध व नियम-विरुद्ध व्यापार करने वालों में हड़कंप मच गया है।