
अतिक्रमण पर निगम का चाबुक: 32 दुकानदारों पर लगा 10,200 का जुर्माना, दोबारा किया तो होगी जब्ती
- गोल बाजार, माधवनगर, स्टेशन रोड समेत प्रमुख बाजारों में चला विशेष अभियान
- दुकान की सीमा से बाहर सामान रखने वालों पर सख्त कार्रवाई, निगम ने दी कड़ी चेतावनी
कटनी (सत्य संवाद)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर पालिक निगम कटनी ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने शहर के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन कार्रवाई करते हुए 32 दुकानदारों पर 10,200 रुपये का जुर्माना लगाया।
निगम की टीम ने गोल बाजार, झंडा बाजार, माधवनगर, मुख्य रेलवे स्टेशन मार्ग, बस स्टैंड और आजाद चौक सहित व्यस्ततम इलाकों में अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर दुकान का सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने, अस्थायी शेड व ठेले लगाने वाले व्यापारियों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।
दुबारा अतिक्रमण करने पर होगी जब्ती
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों की सामग्री निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। सार्वजनिक फुटपाथ व सड़कों पर सामान रखकर पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के लिए बाधा न पहुंचाएं। निगम दल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा संबंधित स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया, तो सामान जब्ती के साथ-साथ और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर को व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारी वर्ग से शहर को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कटनी को जाममुक्त रखने के लिए बाजारों और मुख्य मार्गों पर यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
