सत्य संवाद डिजिटल नेटवर्क
कटनी: त्योहारी सीजन से पहले एक्शन मोड में निगमायुक्त, मुख्य मार्ग का औचक निरीक्षण; अतिक्रमणकारियों पर 3200 का स्पॉट फाइन
कटनी:
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर की यातायात, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर पालिक निगम प्रशासन अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने अधिकारियों के अमले के साथ मिशन चौक से सुभाष चौक तक मुख्य मार्ग का औचक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फुटपाथों पर अतिक्रमण, खुले नालों, लचर सफाई और बंद स्ट्रीट लाइटों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
व्यापारी सीमा में रहकर करें व्यापार: निगमायुक्त
निरीक्षण के दौरान मामा स्वीट्स, कृष्ण फर्नीचर, घूंघट विनय जनरल स्टोर और हरिओम फ्रूट एंड जूस सहित आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों द्वारा मुख्य सड़क व फुटपाथ पर सामान रखकर व्यापार किए जाने पर निगमायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने दुकानदारों से सीधा संवाद करते हुए दोटूक कहा कि जब तक नागरिक और व्यापारी वर्ग सकारात्मक सहयोग नहीं करेंगे, तब तक शहर की व्यवस्था में स्थायी बदलाव मुमकिन नहीं है। सभी व्यवसायी अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करें ताकि आम नागरिकों का आवागमन सुचारू बना रहे।
रोस्टर बनाकर चले अतिक्रमण विरोधी अभियान
निगमायुक्त ने अतिक्रमण अमले को निर्देश दिए कि मिशन चौक, पेट्रोल पंप से मुड़वारा स्टेशन मार्ग तथा नगीना मस्जिद कॉर्नर पर सड़क घेरे बैठे दुकानदारों और ठेला-टपरा संचालकों के खिलाफ रोस्टर बनाकर नियमित कार्रवाई की जाए, ताकि फुटपाथ केवल पैदल राहगीरों के लिए सुरक्षित रहें। कार्रवाई के दौरान सिटी कोतवाली के सामने सड़क क्षतिग्रस्त कर टेंट लगाने वाले संचालक को नोटिस थमाने तथा मिशन चौक, थाना तिराहा व जगन्नाथ चौक से तत्काल अवैध बैनर-पोस्टर जब्त करने के निर्देश दिए गए। सड़क पर अतिक्रमण फैलाने वाले 5 व्यवसायियों के विरुद्ध कुल 3,200 रुपये का स्पॉट फाइन भी वसूला गया।
खुले नाले तुरंत ढकें, दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य
पैदल राहगीरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त ने उपयंत्रियों को नालों पर बने फुटपाथों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पोस्ट ऑफिस गली के पास मौजूद खतरनाक खुले नाले को प्राथमिकता के आधार पर ढकने को कहा गया। मार्ग पर जगह-जगह कचरा मिलने पर स्वास्थ्य अधिकारी को फटकार लगाते हुए सभी दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखवाने के निर्देश दिए गए। वहीं, केंद्रीय विद्यालय झिंझरी व चर्च मार्ग पर अंधेरा मिलने पर विद्युत शाखा को तत्काल अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लगाने के आदेश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री हिमांशु गौतम, रवि हनोते, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित निगम का मैदानी अमला प्रमुख रूप से मौजूद रहा।

