
सत्य संवाद एक्सक्लूसिव: 10 दिन का गतिरोध खत्म! कटनी में आज से बहाल होगा खनिज परिवहन
कटनी। खनिज परिवहन से जुड़े हाईवा वाहन संचालकों की बीते दस दिनों से चली आ रही हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। लंबे समय से बने गतिरोध के बीच मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने सकारात्मक पहल करते हुए ट्रांसपोर्टरों और जिला प्रशासन के बीच वार्ता की राह हमवार की। इस संवाद के बाद विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर सहमति बनने पर यूनियन ने अपनी हड़ताल वापस लेने का औपचारिक ऐलान कर दिया।
प्रशासनिक कार्रवाई और अवैध वसूली के लगाए थे आरोप
उल्लेखनीय है कि हड़ताल के कारण जिले में खनिज परिवहन का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ था। वाहन संचालकों का मुख्य आरोप था कि परिवहन के दौरान उन्हें बेवजह जांच के नाम पर रोका जाता है और परेशान किया जाता है। इसके अलावा ट्रांसपोर्टरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक कार्रवाई और कथित अवैध वसूली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया था।
विधायक की मध्यस्थता से बनी सहमति
विवाद को सुलझाने के लिए विधायक संदीप जायसवाल ने मध्यस्थता की और प्रशासन व ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधियों को एक मेज पर लाया। बैठक के दौरान ट्रांसपोर्टरों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना गया, जिसके बाद प्रशासन ने समस्याओं के त्वरित व न्यायसंगत समाधान का ठोस आश्वासन दिया।
आमजन और वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत
हड़ताल समाप्त होने की घोषणा से जिले की ठप पड़ी परिवहन व्यवस्था एक बार फिर पटरी पर लौटती दिख रही है। हाईवा वाहनों का संचालन शुरू होने से वाहन मालिकों, चालकों, खदान व्यवसायियों और इस क्षेत्र से जुड़े दैनिक मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी।
