नवरात्र पर कटनी पुलिस सख्त: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 3 चालकों पर केस, कई वाहनों के कटे चालान

​कटनी:

नवरात्र पर्व के दौरान शहर में सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। मिशन चौक सहित शहर के विभिन्न व्यस्त इलाकों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई।

​जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में दो ई-रिक्शा चालकों और एक बाइक सवार के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। इसके अलावा, जरूरी दस्तावेज न होने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

​यह अभियान पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य, डीएसपी रत्नेश मिश्रा और यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। इस दौरान आरआई अंजू लकड़ा, एसआई शशि भूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह सहित यातायात बल मौके पर मौजूद रहा।

​पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के इस पावन अवसर पर नशे में वाहन बिल्कुल न चलाएं और वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें।