
स्मार्ट सिटी के दावों के बीच प्रशासनिक अनदेखी: चौड़ीकरण के बीच रोड पर तन गया ‘अतिक्रमण’, हादसे का बना सबब
कटनी (सत्य संवाद): एक ओर जहां जिला प्रशासन और नगर निगम शहर के विकास के लिए सड़कों को चौड़ा करने और अवैध निर्माण हटाने का अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों की नाक के नीचे खुलेआम अतिक्रमण का नया खेल शुरू हो गया है।
ताजा मामला दद्दा धाम कॉलोनी के प्रवेश द्वार के ठीक पहले का है, जहां नियमों को ताक पर रखकर सड़क की जमीन तक नया निर्माण कार्य करा दिया गया है।
रोड के ऊपर ही तान दिया निर्माण:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस स्थान पर कुछ समय पूर्व एक मकान का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जो कुछ दिनों तक बंद रहा। लेकिन जैसे ही काम दोबारा शुरू हुआ, निर्माणकर्ता ने सड़क की निर्धारित सीमा की परवाह किए बिना सीधे रोड तक पक्का ढांचा खड़ा कर दिया।
दुर्घटना को न्योता और आवागमन बाधित:
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दद्दा धाम कॉलोनी में हर दिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। रोड पर ही निर्माण हो जाने से सड़क बेहद संकरी हो गई है, जिससे मोड़ पर आगे चलकर गंभीर यातायात समस्या उत्पन्न होगी।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रात के अंधेरे में सड़क पर आगे निकले इस नए निर्माण से आए दिन वाहन चालकों के टकराने और किसी बड़ी दुर्घटना के होने की प्रबल आशंका बनी हुई है।
प्रशासनिक मुस्तैदी पर उठे सवाल:
एक तरफ जहां आम जनता के वैध निर्माणों पर भी चौड़ीकरण की तलवार लटकती है, वहीं दूसरी ओर मुख्य रास्ते पर हो रहे इस नए अतिक्रमण पर संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम और प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर इस अवैध निर्माण की जांच करनी चाहिए और सड़क से अतिक्रमण हटाकर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाना चाहिए।
