
कटनी पुलिस का ‘सरप्राइज’ चेकिंग अभियान: हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पैनी नजर, गुंडों-असामाजिक तत्वों पर कड़ा शिकंजा
कटनी (सत्य संवाद): जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा ‘सरप्राइज’ सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में देर शाम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने सड़क पर उतरकर गश्त की।
इस दौरान संवेदनशील स्थानों, हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में पुलिस टीमों ने बाइक पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और आकस्मिक चेकिंग कर असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी।
गुंडे-बदमाशों और संदिग्धों की जांच
चारों अनुविभागीय अधिकारियों (SDOP) के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने निगरानीशुदा बदमाशों, नकबजनों, लुटेरों, चाकूबाजों, जिलाबदर व रासुका के आरोपियों की सघन जांच की। संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई और अपराधियों को अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थलों पर पैनी नजर
अभियान के तहत शहर के होटल, लॉज, ढाबे, रैन बसेरे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक व संवेदनशील स्थानों की आकस्मिक चेकिंग की गई। सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करने वाले लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नशे में वाहन चलाने चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटे गए। इसके अलावा वाहनों पर काली फिल्म, अनधिकृत हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर भी पुलिस ने सख्त चालानी कार्रवाई की।
पैदल गश्त के दौरान आमजन से संवाद
पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान लोगों की सुरक्षा संबंधी सुझाव और समस्याएं सुनी गईं। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
