कटनी में गेस्ट हाउस के कमरे में मृत मिले माधवेन्द्र सिंह ‘साइलेंट अटैक’ की आशंका से हड़कंप
सत्य संवाद
ब्यूरो रिपोर्ट, कटनी
कटनी (मध्य प्रदेश): कटनी आयकर विभाग (Income Tax Department) में उस समय सनसनी फैल गई, जब विभाग में पदस्थ आयकर अधिकारी माधवेंद्र सिंह अपने गेस्ट हाउस के कमरे में संदिग्ध/अचेत अवस्था में पाए गए। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर साइलेंट हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई है।
सुबह नहीं खुला दरवाजा तो हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, आयकर अधिकारी माधवेंद्र सिंह इनकम टैक्स ऑफिस के पास स्थित कॉलोनी के गेस्ट हाउस में अकेले रहते थे। गुरुवार सुबह काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे अपने कमरे से बाहर नहीं निकले, तो एक कर्मचारी उन्हें जगाने पहुंचा। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब कर्मचारी ने तुरंत कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे सहकर्मी
घटना की सूचना मिलते ही आयकर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बेड पर माधवेंद्र सिंह अचेत पड़े हुए थे। तुरंत डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रात तक दोस्तों से की थी बात
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे तक माधवेंद्र सिंह पूरी तरह सामान्य थे और फोन पर अपने दोस्तों से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद वे खाना खाकर सोने चले गए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि सुबह यह दुखद खबर सामने आएगी।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया। पुलिस को मौके से कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
मृतक अधिकारी के परिजन उत्तर प्रदेश में रहते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही और वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

