गुरु पूर्णिमा पर करेला सांदीपनी स्कूल में गुरुजनों का सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों को मिले प्रशस्ति पत्र
स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान, विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं गुरुकुल परंपरा पर लगाई आकर्षक प्रदर्शनी

कटनी / करेला। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर करेला स्थित सांदीपनी स्कूल में गुरु सम्मान एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के गुरुजनों का सम्मान करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्राचार्य श्री रामकृष्ण शुक्ला जी, खितौली निवासी श्री मनोज तिवारी जी एवं स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी के मंडल प्रबंधक श्री माधवेंद्र सिंह जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री रामकृष्ण शुक्ला जी ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें ज्ञान, संस्कार और अनुशासन का मार्ग दिखाते हैं। श्री तिवारी जी ने गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कर्तव्य की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री माधवेंद्र सिंह जी एवं सचिन डेंगेरे जी ने सभी अतिथियों, गुरुजनों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और गुरुजनों का मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम के दौरान सांदीपनी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा कला एवं विज्ञान विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय देते हुए गुरुकुल परंपरा एवं विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की। एवं विशेष सहयोग के तौर पर शाला में उपस्थित शिक्षक श्री अमित सोनी, श्री सुरेश चतुर्वेदी, श्री मति रंजना चतुर्वेदी, श्री मति सुरक्षा लंझेवार ।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं गुरुजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के महत्व का सुंदर संदेश दिया। समारोह का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायी एवं भावपूर्ण रहा।

