🚩 सत्य संवाद – विशेष रिपोर्ट 🚩

आयुक्त जी, महापौर जी – बरगवां रोड का स्थायी समाधान कब? त्योहारों से पहले जनता पूछ रही है सवाल*

*कटनी।* शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक बरगवां से कलेक्ट्रेट मुख्य मार्ग की खस्ताहाल स्थिति ने एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बरसात के बाद सड़क पर हुए गहरे गड्ढों से आम नागरिक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया चालक रोजाना परेशान हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इस मार्ग पर चलना जोखिम भरा हो गया है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। आगामी नवरात्रि, दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए इस मार्ग पर आवाजाही कई गुना बढ़ने वाली है, ऐसे में टिकाऊ मरम्मत की मांग तेज हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक हाल ही में नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने लोक निर्माण शाखा (PWD) की समीक्षा बैठक में सड़कों की मरम्मत को लेकर सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा की निगरानी में बरगवां मार्ग पर डामर पेच वर्क का काम शुरू किया गया है। निगम प्रशासन का दावा है कि बस स्टैंड से पन्ना मोड़, पुरैनी और बरगवां के प्रमुख हिस्सों में युद्धस्तर पर काम होगा।

*जनता की 3 बड़ी मांगें:*
1. *स्थायी मरम्मत:* लीपापोती नहीं, बल्कि गड्ढों की जड़ से मरम्मत कर गुणवत्तायुक्त डामरीकरण हो।
2. *त्योहारों से पहले सुरक्षा:* नवरात्रि से पहले जल निकासी और रोड की समतलीकरण का काम पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
3. *समयबद्धता और पारदर्शिता:* काम किस ठेकेदार को दिया गया, कितना बजट है और कब तक पूरा होगा – इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए।

शहरवासियों का कहना है कि हर साल बरसात के बाद पेच वर्क होता है और कुछ ही महीनों में सड़क फिर उखड़ जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इस बार मरम्मत टिकाऊ होगी या फिर से औपचारिकता बन कर रह जाएगी?

*सत्य संवाद* की टीम ने मौके पर जाकर लोगों से बात की। एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि गड्ढों के कारण ऑटो वाले इस रोड पर आने से बचते हैं। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि ग्राहकों को दुकान तक आने में दिक्कत होती है।

अब निगाहें नगर निगम प्रशासन पर हैं कि वह जनता के इन सवालों का जवाब कब और कैसे देता है।

*रिपोर्ट: सत्य संवाद, कटनी स्थानीय संस्करण