अहंकार का अंत, सत्य की जीत: कैमोर में उमड़ा जनसैलाब, आतिशबाजी से जगमगा उठा आसमान
विधायक संजय पाठक ने कहा – रावण दहन पुतले का नहीं, भीतर के अहंकार के अंत का प्रतीक
कैमोर औद्योगिक नगरी कैमोर स्थित एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट परिसर में 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व आस्था उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित दशहरा उत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उमड़े। श्रीराम की मर्यादा सत्य और धर्म की विजय के प्रतीक इस आयोजन ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। दशहरा उत्सव के अवसर पर रामलीला कमेटी एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट के अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक रामलीला मंच पर पहुंचे। उन्होंने मंच पर विराजमान श्रीराम दरबार की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजन के उपरांत विधायक संजय पाठक ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और रामायण के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रावण दहन केवल एक पुतले का दहन नहीं बल्कि हमारे भीतर मौजूद अहंकार बुराई और नकारात्मकता के अंत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मनुष्य जैसा कर्म करता है उसे वैसा ही फल प्राप्त होता है। विरोध और वर्चस्व की लड़ाई में इंसान को इतना अंधा नहीं होना चाहिए कि अंततः वही उसके विनाश का कारण बन जाए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने रावण को बार-बार समझने और अपनी भूल सुधारने के अवसर दिए लेकिन अहंकार में डूबे रावण ने सत्य और धर्म का मार्ग स्वीकार नहीं किया। अंततः उसका अहंकार ही उसके विनाश का कारण बना। रावण ने सत्ता और वर्चस्व के साथ अपने साम्राज्य का विस्तार किया लेकिन उसके कर्मों का अंतिम परिणाम विनाश के रूप में सामने आया। यही विजयादशमी का सबसे बड़ा संदेश है कि अधर्म कितना भी शक्तिशाली दिखाई दे अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। रामकथा के इस प्रेरणादायी संदेश के पश्चात विधायक संजय पाठक ने इलेक्ट्रॉनिक तीर चलाकर विशाल रावण के पुतले का दहन किया। जैसे ही रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। आतिशबाजी की रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा और उपस्थित जनसमुदाय ने इस अद्भुत दृश्य का आनंद लिया। भव्य आतिशबाजी ने बांधा समां रावण दहन के साथ एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट एवं रामलीला कमेटी द्वारा भव्य आतिशबाजी की गई। आसमान में बिखरी आतिशबाजी की रोशनी और गूंजती पटाखों की आवाज ने दशहरा उत्सव को यादगार बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए उत्साहित नजर आया। आयोजन में कैमोर नगर परिषद अध्यक्ष पलक नमीत ग्रोवर, थाना प्रभारी आशिष शर्मा, उपाध्यक्ष संतोष केवट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता निभाई। आयोजन को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा विद्युत व्यवस्था साफ-सफाई तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया। व्यवस्था और सुरक्षा में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका दशहरा एवं रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आयोजन स्थल पर पहुंचे। पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभाली और श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर दिया। रावण दहन के बाद भीड़ को व्यवस्थित तरीके से बाहर निकाला गया जिससे लोग सुरक्षित अपने घरों तक पहुंच सकें।आयोजन की सफलता पर एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट के प्लांट हेड एवं एचआर विभाग ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों जनप्रतिनिधियों रामलीला कमेटी पुलिस-प्रशासन नगरी निकाय और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया कैमोर में आयोजित यह विजयादशमी केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं रहा बल्कि सत्य की विजय अहंकार के अंत और समाज में सद्भाव एवं मर्यादा के संदेश का जीवंत उत्सव बन गया। भगवान श्रीराम के आदर्शों और विजयादशमी के संदेश ने एक बार फिर लोगों को यह प्रेरणा दी कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों सत्य और धर्म का मार्ग अंततः विजय की ओर ले जाता है।
सत्य संवाद


