
कटनी। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के बरगवां में सोमवार देर शाम काम से घर लौट रहे एक युवक पर चार युवकों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक अनुराग दुबे रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद चार युवकों ने उसे रोक लिया और विवाद के बाद उस पर ताबड़तोड़ हमला कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले इसी थाना क्षेत्र के मंगलनगर में भी चाकू हमले में एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
🔶 सत्य संवाद✍️
“सच्ची खबर, सबसे पहले”
