कटनी: बरगवां रोड पर विशाल मेगा मार्ट के सामने ट्रांसफार्मर में भड़की भीषण आग, मची अफरा-तफरी; बाल-बाल बचे राहगीर

​कटनी। बरगवां रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर पर लगे एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ट्रांसफार्मर से उठने वाले काले धुएं के गुबार और हवा में उड़ती चिंगारियों के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

​राहगीरों में मचा हड़कंप, थम गए वाहनों के पहिए

बीच सड़क पर हुए इस हादसे की वजह से वहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए यहां-वहां भागते नजर आए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दोनों तरफ का ट्रैफिक जाम हो गया और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

​स्थानीय नागरिकों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

घटना के दौरान स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने फौरन इसकी सूचना मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (MPEB) के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही विभाग द्वारा तत्काल क्षेत्र की बिजली सप्लाई काटी गई, जिससे आग आगे नहीं फैल सकी।

​गनीमत यह रही कि बिजली बंद होने और लोगों की सतर्कता के कारण समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ी जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।

​सत्य संवाद ब्यूरो रिपोर्ट, कटनी