कटनी: अक्षर नंदन विद्यालय में ‘अखंड भारत दिवस’ का गरिमामय आयोजन; राष्ट्र रक्षा और एकजुटता का लिया संकल्प
कटनी (सत्य संवाद)। नई बस्ती स्थित अक्षर नंदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 14 अगस्त को ‘अखंड भारत दिवस’ का आयोजन अत्यंत गरिमापूर्ण एवं उत्साहवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली प्राचीन इतिहास और अखंड भारत की मूल संकल्पना से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विभाजन की त्रासदी पर प्रकाश डाला और बताया कि समय-समय पर हुए विघटन के कारण भारत का भौगोलिक स्वरूप छोटा होता गया। आज वर्तमान में हम जो स्वरूप देख रहे हैं, वह इतिहास की एक पीड़ादायक विडंबना है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने देश की अखंडता की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि भविष्य में राष्ट्र के खिलाफ होने वाली किसी भी विघटनकारी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। राष्ट्रविरोधी शक्तियों के विरुद्ध एकजुट रहकर खड़े होने का आह्वान करते हुए यह संकल्प दोहराया गया कि इतिहास की ऐसी भूल दोबारा नहीं होने दी जाएगी।
संगठन की शक्ति पर बल देते हुए वक्ताओं ने कहा कि जब तक नागरिक संगठित और जागरूक रहेंगे, तब तक भारत सदैव अखंड, अक्षुण्ण और शक्तिशाली बना रहेगा। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “जय हिंद, जय भारत” के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ।
