
जालपा मंदिर क्षेत्र में मनचलों का आतंक: सुबह-सुबह गली ब्लॉक कर युवतियों पर फब्तियां कस रहे आरोपी, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
कटनी:
शहर के धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले जालपा मंदिर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जालपा दुर्गा मंच के सामने वाली गली का है, जहां रोजाना सुबह के वक्त कुछ मनचलों और दबंग किस्म के लड़कों का जमावड़ा लग रहा है।
सुबह-सुबह शुरू हो जाती है हुड़दंगबाजी
स्थानीय नागरिकों द्वारा साझा किए गए वीडियो और शिकायतों के अनुसार, रोजाना सुबह करीब 4:30 बजे 30 से 40 की संख्या में लड़के पूरी गली को घेरकर खड़े हो जाते हैं। इस दौरान वहां से गुजरने वाली महिलाओं, माताओं और बहनों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां (गंदे कमेंट) की जाती हैं। विरोध करने पर ये लोग गाली-गलौज पर उतर आते हैं और मारपीट के लिए हमेशा आक्रामक तेवर दिखाते हैं।
सिगरेटखोरी और खुलेआम मनमानी
यह टोली न सिर्फ मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का रास्ता रोकती है, बल्कि सार्वजनिक स्थान पर खड़े होकर सिगरेटखोरी और हुड़दंग भी करती है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सुबह के समय जब महिलाएं पूजा-पाठ या अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकलती हैं, तो उन्हें भारी असुरक्षा और असहजता का सामना करना पड़ता है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई नाकाफी
मोहल्लेवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस प्रशासन को सूचना देकर मौके पर पुलिस बल बुलवाया और इन लड़कों को खदेड़ा, लेकिन पुलिस के जाते ही ये सिरफिरे अगले दिन फिर से उसी जगह पर अपनी हरकतें दोहराने पहुंच जाते हैं। पुलिस की सुस्त कार्यशैली के चलते इन असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
बड़ी घटना की आशंका, प्रशासन से गुहार
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर गंभीर निवेदन किया है कि इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया जाए। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन पर कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या त्वरित कदम उठाता है।
