कटनी। शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीएससी के एक छात्र को अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ गया। सहपाठियों और कॉलेज स्टाफ की तत्परता से छात्र को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना कॉलेज की कॉमर्स बिल्डिंग के पास की है। बीएससी में अध्ययनरत छात्र युगराज अचानक सीने में तेज दर्द के साथ अचेत होकर गिर पड़ा। छात्र को बदहवास देखकर आसपास मौजूद अन्य विद्यार्थी और कॉलेज कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
*कर्मचारी ने दी सीपीआर, प्रिंसिपल खुद ले गए अस्पताल*
घटना के दौरान वहां मौजूद कॉलेज कर्मचारी सुभाष सोंधिया ने बिना समय गंवाए सजगता दिखाई और छात्र की सांसें सामान्य करने के लिए उसे सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। इस बीच तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई।
हालांकि, एम्बुलेंस के पहुंचने में हो रही देरी और छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राचार्य डॉ. सुनील वाजपेई ने एक पल भी गंवाना उचित नहीं समझा। डॉ. वाजपेई खुद अपनी निजी कार से छात्र युगराज को तत्काल जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए।
*समय पर इलाज मिलने से टला बड़ा हादसा*
प्राचार्य डॉ. सुनील वाजपेई और कर्मचारी सुभाष सोंधिया की इस मानवीय संवेदना और त्वरित फैसले की हर तरफ सराहना हो रही है। कॉलेज प्रशासन की इस तत्परता की वजह से छात्र को गोल्डन आवर के भीतर डॉक्टरी सहायता मिल सकी। फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम छात्र के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
