कटनी पुलिस का रवैया: एक्सीडेंट के 5 दिन बाद भी FIR दर्ज नहीं, चक्कर काटने को मजबूर पीड़ित भारत चौधरी

​

 

कटनी (सत्य संवाद डिजिटल नेटवर्क)। जिले में सड़क हादसे के पीड़ितों को न्याय पाने के लिए भटकना पड़ रहा है। थाना कुठला क्षेत्र के ग्राम मंटोला (पंचायत घंघरी कलां) निवासी भारत चौधरी 26 सितंबर से न्याय के लिए पुलिस थानों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन 5 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की है।
​क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित भारत चौधरी 26 सितंबर 2026 को ग्राम हरदुआ गए थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन के चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और घटना के बाद गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में भारत चौधरी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में प्रार्थी का डॉक्टरी परीक्षण (MLC) हुआ और अस्पताल पुलिस चौकी में घटना की सूचना दर्ज की गई।
​थानों के बीच उलझा पीड़ित

अस्पताल चौकी में पीड़ित को आश्वस्त किया गया था कि घटना की FIR संबंधित थाने कुठला में दर्ज कर ली जाएगी। हालांकि, 01 अक्टूबर तक पुलिस द्वारा कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का आरोप है कि थाना कुठला पुलिस उन्हें बार-बार चक्कर कटवा रही है और FIR दर्ज करने में टालमटोल रवैया अपना रही है।

​

SP कार्यालय और CM हेल्पलाइन का लिया सहारा
थाना स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान होकर पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक (SP) कटनी के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर दोषी बोलेरो चालक के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही पीड़ित ने मध्य प्रदेश शासन के CM हेल्पलाइन 181 पोर्टल पर भी पुलिस की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

#KatniNews #MPNews #PoliceSystem #RoadAccident #CrimeNews #KatniPolice #CMHelpline #SatyaSamvadDigital