
बड़वारा में घर की बाड़ी में लहरा रहे थे गांजे के पौधे, पुलिस ने मारा छापा; 21 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
कटनी (सत्य संवाद): बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी हटाई में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी के घर के पीछे बाड़ी से 32 हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 4 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर को बड़वारा पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवरी हटाई (यादव मोहल्ला) निवासी रामकुमार यादव (53 वर्ष) ने अपने घर के पीछे बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बाड़ी में लहलहाते हुए गांजे के पौधे बरामद हुए।
21 किलो वजनी पौधे जब्त, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए कुल 32 पौधे उखाड़कर जब्त किए, जिनका वजन 21 किलोग्राम निकला। पुलिस ने आरोपी रामकुमार यादव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
कार्रवाई में बड़वारा थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, सउनि सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोगरे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्य कमलेश निषाद की मुख्य भूमिका रही।
