
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: शादी का झांसा देकर 1 साल से कर रहा था शोषण, बड़वारा पुलिस ने दबोचा
सत्य संवाद न्यूज
कटनी। शादी का झांसा देकर नाबालिग पीड़िता का अपहरण और दुष्कर्म करने के मामले में बड़वारा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मनीष गिरी गोस्वामी (निवासी पौनिया) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
1 साल से कर रहा था शारीरिक शोषण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को पीड़िता ने महिला थाना कटनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी मनीष गिरी गोस्वामी ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अगवा किया और लगभग एक वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बड़वारा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
तकनीकी साक्ष्यों से हत्थे चढ़ा आरोपी
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी बड़वारा उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 अगस्त 2026 को आरोपी मनीष गोस्वामी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों का रहा मार्गदर्शन
सम्पूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
- कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उनि सुयश पाण्डेय, उनि प्रदीप कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार, प्रधान आरक्षक दीपक एक्का, आरक्षक दीपक सिंह एवं आरक्षक बृजलाल प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।
